उदित वाणी, खूंटी : झारखंड के खूंटी जिले में दो नाबालिग किशोर-किशोरी की निर्मम हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है. घटना सायको थाना क्षेत्र के मॉडल विलेज जिवरी की है, जहां अपराधियों ने धारदार हथियार से हमला कर दोनों की हत्या कर दी और शवों को मारंगबुरु पहाड़ की तलहटी में फेंक दिया.
सोमवार को ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने दोनों शव बरामद किए. मृतकों की पहचान बड़ा जिवरी निवासी बिसु पाहन (16) और सुमी मुंडू (17) के रूप में हुई है. पुलिस को जानकारी मिली है कि रविवार रात सोयको इलाके में छऊ नृत्य कार्यक्रम आयोजित किया गया था. बिसु और सुमी भी कार्यक्रम देखने पहुंचे थे. इसी दौरान देर रात करीब एक बजे बिसु का कुछ युवकों से विवाद हो गया.
बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने दोनों को पकड़ लिया और कार्यक्रम स्थल के पास एक खेत में ले गए. वहां धारदार हथियार से हमला कर दोनों की हत्या कर दी गई. हत्या के बाद आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से दोनों शवों को मारंगबुरु पहाड़ की तलहटी में फेंक दिया. सोमवार को स्थानीय ग्रामीणों की नजर शवों पर पड़ी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.
सोयको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए. जिवरी के ग्राम प्रधान बिनसाय मुंडा ने आशंका जताई है कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा हो सकता है. खूंटी के पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने कहा कि दोनों नाबालिग छऊ नृत्य कार्यक्रम देखने आए थे और उनकी हत्या की गई है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. इसके लिए एक विशेष जांच दल का गठन किया गया है, जो आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
(आईएएनएस)


