उदित वाणी, जमशेदपुर: कोल्हान विश्वविद्यालय द्वारा जबरन थोपे जा रहे छात्र-विरोधी ‘क्लस्टर सिस्टम’, कॉलेजों से PG की पढ़ाई हटाने और विभिन्न विषयों की कटौती के खिलाफ आज AJSU छात्र संघ ने (LBSM) कॉलेज के मुख्य द्वार पर आर-पार की जंग का ऐलान कर दिया।
कॉलेज छात्र संघ अध्यक्ष सोनू कुमार साव के नेतृत्व में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने विश्वविद्यालय के कुलपति और राज्य की हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और दोनों का संयुक्त पुतला दहन किया। इस दौरान पूरा परिसर ‘तानाशाही क्लस्टर सिस्टम वापस लो’ और ‘छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो’ के नारों से गूँज उठा।
गरीब और ग्रामीण छात्रों का भविष्य अंधकार में धकेल रहा है प्रशासन: सोनू कुमार साव
प्रदर्शनकारियों और मीडिया को संबोधित करते हुए AJSU कॉलेज अध्यक्ष सोनू कुमार साव ने विश्वविद्यालय प्रशासन और सरकार पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा:“यूनिवर्सिटी द्वारा लागू किया जा रहा ‘क्लस्टर सिस्टम’ और कॉलेजों से (PG) विभागों को खत्म करने का निर्णय पूरी तरह से मनमाना, तानाशाही और छात्र-विरोधी है। LBSM कॉलेज में सुदूर ग्रामीण, पिछड़े और गरीब परिवारों के बच्चे उच्च शिक्षा के लिए आते हैं। अगर यहाँ से पीजी हटा दिया गया और विषयों की कटौती कर दी गई, तो ये छात्र इतनी दूर जाकर पढ़ाई कैसे करेंगे? यह नीति सीधे तौर पर गरीब बच्चों को उच्च शिक्षा से वंचित करने की एक बड़ी साजिश है।”
नीतियों में सुधार न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
इस दौरान छात्र नेता हिमाद्रि मंडल ने भी अपनी बात रखी। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि शिक्षा का निजीकरण और क्लस्टर के नाम पर छात्रों को परेशान करने वाली यह व्यवस्था क्षेत्र के विद्यार्थियों के साथ सरासर अन्याय है।
वहीं, AJSU कॉलेज सचिव चंदन कुमार पात्रो ने चेतावनी दी कि अगर इस तानाशाही फैसले को तुरंत वापस नहीं लिया गया, तो AJSU पूरे कोल्हान स्तर पर कॉलेज और यूनिवर्सिटी में तालाबंदी कर उग्र आंदोलन करेगी। वरिष्ठ कार्यकर्ता प्रतिमा शर्मा ने कहा कि सरकार और कुलपति बंद कमरों में बैठकर नीतियां बनाना बंद करें और धरातल पर आकर छात्रों की व्यावहारिक समस्याओं को समझें।
प्राचार्य के माध्यम से कुलसचिव को सौंपा ज्ञापन
पुतला दहन से पूर्व, छात्र संघ अध्यक्ष सोनू कुमार साव ने कॉलेज के प्राचार्य से मुलाकात की और उन्हें कुलसचिव, कोल्हान विश्वविद्यालय के नाम एक लिखित ज्ञापन सौंपा।
इस ऐतिहासिक विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम में मुख्य रूप से छात्र नेता सोनू कुमार साव, कॉलेज सचिव चंदन कुमार पात्रो, हिमाद्रि मंडल, प्रतिमा शर्मा, आकाश कुमार, ईशा कुमारी, आकाश कुमार पात्रो सहित भारी संख्या में कॉलेज के अन्य छात्र एवं छात्राएं उपस्थित थे।


