उदित वाणी, आदित्यपुर : आदित्यपुर नगर निगम के वॉर्ड संख्या-17 अंतर्गत प्रभात पार्क के पास खाने के ऑर्डर में हुई देरी को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि कुछ युवकों ने दुकानदार और उनके परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया.
ऑर्डर में देरी और मारपीट की घटना
घटना बीती रात लगभग 9:30 बजे की है. प्रभात पार्क के सामने सड़क किनारे रोटी-चावल का ठेला लगाने वाले प्रमोद दास, उनके पुत्रों अंतिच कुमार दास और आशीष कुमार दास के साथ कुछ युवकों ने निर्ममतापूर्वक मारपीट की. बताया जा रहा है कि युवक खाने के ऑर्डर में हुए विलंब से नाराज थे. मारपीट में पिता और दोनों पुत्र जख्मी हो गए हैं.
पुलिस की कार्रवाई और दोबारा हमला
सूचना मिलने पर पीसीआर (PCR) की टीम मौके पर पहुँची और घायलों को गम्हरिया अस्पताल ले जाकर उनका मेडिकल कराया. आरोप है कि अस्पताल से मेडिकल कराकर वापस लौटने पर आरोपियों ने उन पर पुनः हमला किया और पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी.
थाना में लिखित शिकायत दर्ज
इस मामले में जख्मी प्रमोद दास ने आदित्यपुर थाना में आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत में हरिओम नगर, आदित्यपुर के चित्रकूट अपार्टमेंट निवासी कुछ युवकों को नामजद आरोपी बनाया गया है. आदित्यपुर पुलिस की टीम ने प्राप्त शिकायत के आधार पर मामले की छानबीन शुरू कर दी है.


