उदित वाणी, जमशेदपुर : समाहरणालय सभागार में सोमवार को उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिले की कारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में केंद्रीय कारा घाघीडीह, मंडल कारा साकची तथा उपकारा घाटशिला की सुरक्षा, आधारभूत सुविधाओं और प्रशासनिक संचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई.
समीक्षा के दौरान केंद्रीय कारा घाघीडीह में उत्पन्न पेयजल संकट और जेल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था प्रमुख मुद्दा रहा. उपायुक्त ने जेल परिसर में खराब पड़े चापाकलों की अविलंब मरम्मत कराने का निर्देश देते हुए कहा कि कैदियों और कर्मियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है. साथ ही पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए भी आवश्यक कदम उठाने को कहा गया.
बैठक में जेल परिसरों की निगरानी प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष बल दिया गया. उपायुक्त ने वॉच टावरों की सक्रिय निगरानी, नियमित पेट्रोलिंग, औचक निरीक्षण और सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि कारा सुरक्षा अत्यंत संवेदनशील विषय है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी.
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा मानकों का निरंतर पालन सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि जेल परिसरों में अनुशासन, सुरक्षा और व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है. उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रभावी जेल प्रबंधन के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर तालमेल आवश्यक है. बैठक में ग्रामीण एसपी, धालभूम एसडीएम, एएसपी, डीटीओ, धालभूम एसडीओ, घाटशिला एसडीपीओ, डीएसपी मुख्यालय, कारा अधीक्षक समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.


