
जमशेदपुर/घाटशिला: चक्रधरपुर और खड़गपुर डिवीजन में ट्रेनों की लेटलतिफी से परेशान यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। शनिवार को दक्षिण पूर्व रेलवे के अपर महाप्रबंधक (AGM) सौमित्र मजुमदार ने सांसद विद्युत वरण महतो की पहल पर मऊभंडार स्थित डायरेक्टर बंगला में दोनों रेल डिवीजनों के वरीय अधिकारियों के साथ मैराथन बैठक की। बैठक में यात्री सुविधाओं के विस्तार और ट्रेनों के समय पालन (Punctuality) को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
समय पालन के लिए मालगाड़ियों की संख्या में कटौती
एजीएम सौमित्र मजुमदार ने बताया कि एक्सप्रेस और सवारी गाड़ियों को समय पर चलाने के लिए रेलवे ने मालगाड़ियों (Goods Trains) के परिचालन में कटौती की है। अब इन रूटों पर एक माह में 27 हजार की जगह केवल 23 हजार मालगाड़ियां चलाई जा रही हैं। 4 हजार मालगाड़ियों को कम करने से यात्री ट्रेनों को रास्ता मिलेगा, जिससे चाकुलिया, टाटा और चक्रधरपुर के बीच प्रतिदिन सफर करने वाले हजारों मजदूरों और यात्रियों को समय पर पहुँचने में मदद मिलेगी।
टाटा स्टेशन का होगा विस्तार, बनेगा मेंटेनेंस डिपो
टाटा नगर स्टेशन पर यात्रियों के बढ़ते दबाव को देखते हुए बुनियादी ढांचे में बड़े बदलाव की घोषणा की गई है:
• नए प्लेटफॉर्म: टाटा स्टेशन पर 4 नए प्लेटफॉर्म बनाए जाएंगे
• मेंटेनेंस डिपो: वंदे भारत समेत अन्य ट्रेनों के रखरखाव के लिए टाटा में एक अत्याधुनिक डिपो का निर्माण शीघ्र शुरू होगा
• आदित्यपुर से नहीं खुलेंगी ट्रेनें: एजीएम ने स्पष्ट किया कि टाटा से खुलने वाली ट्रेनें टाटा से ही खुलेंगी, उन्हें आदित्यपुर शिफ्ट करने की योजना केवल अफवाह है
चाकुलिया-बुरामारा रेल लाइन और अन्य परियोजनाएं
• नई रेल लाइन: चाकुलिया से बुरामारा (ओडिशा) तक लाइन बिछाने की प्रक्रिया तेज है। झारखंड, ओडिशा और बंगाल के अधिकांश गांवों से एनओसी मिल चुकी है, जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा।
• रुकी हुई ट्रेनें: कोरोना काल से बंद पड़ी ट्रेनों को पुनः शुरू करने के लिए रेलवे बोर्ड को पत्र लिखा गया है।
• अमृत भारत स्टेशन: घाटशिला स्टेशन को अमृत भारत योजना के तहत आधुनिक बनाया जा रहा है, जिसका काम जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया है।
बैठक में उपस्थित अधिकारी
इस महत्वपूर्ण बैठक में सांसद विद्युत वरण महतो, पीसीसीएम नवीन चन्द्र, चक्रधरपुर के डीआरएम तरुण हुड़िया, सीनियर डीओएम मनीष पाठक, सीनियर डीईएन ईस्ट मनीष कुमार, खड़गपुर डिवीजन के एडीआरएम देवजीत दास और अन्य वरीय रेल अधिकारी मौजूद थे।

