उदित वाणी जमशेदपुर: टाटानगर रेलवे ट्रैफिक कॉलोनी के पास लोको पायलट जीके गौतम की हत्या मामले में बागबेड़ा थाना पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात के मुख्य शूटर की पहचान बिहार के गया निवासी अभय यादव के रूप में की है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
इधर, मामले में गिरफ्तार बागबेड़ा कॉलोनी रोड नंबर-पांच निवासी राजकिशोर सिंह और उसके पुत्र अनिकेत सिंह की चार दिनों की पुलिस रिमांड मंगलवार को समाप्त हो गई। इसके बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस को पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिली हैं।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल एक देसी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। यह हथियार आरोपी के घर से जब्त किया गया। वहीं वारदात में उपयोग की गई बाइक को परसुडीह थाना क्षेत्र के मुईघुटु इलाके से बरामद किया गया है।
जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि हत्या की वजह जमीन विवाद थी। पुलिस के अनुसार जीके गौतम को रास्ते से हटाने के लिए बाकायदा सुपारी देकर हत्या कराई गई थी। पूछताछ में आरोपी अनिकेत सिंह ने स्वीकार किया कि घटना की रात वह बाइक चला रहा था, जबकि पीछे बैठा अभय यादव शूटर था। गिरोह के अन्य सदस्य पहले से गौतम की गतिविधियों पर नजर रख रहे थे।
घटना 26 अप्रैल की देर रात की है। बिहार के मुंगेर निवासी लोको पायलट जीके गौतम मालगाड़ी लेकर कांड्रा से टाटानगर स्टेशन पहुंचे थे। ड्यूटी खत्म होने के बाद वह पैदल रेलवे ट्रैफिक कॉलोनी स्थित गार्ड लॉबी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान घात लगाए अपराधियों ने उनका पीछा किया और लॉबी गेट के पास अभय यादव ने बेहद करीब से उनकी कनपटी पर गोली मार दी। गंभीर हालत में उन्हें खासमहल रेलवे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस का दावा है कि फरार शूटर को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


