उदित वाणी जमशेदपुर: मानगो के पारडीह चौक स्थित मामा स्टोर में गुरुवार देर रात चोरों ने फिल्मी अंदाज में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकान की एस्बेस्टस छत काटकर अंदर घुसे और करीब 85 हजार रुपये नकद सहित लगभग 10 हजार रुपये मूल्य के सामान पर हाथ साफ कर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके के दुकानदारों में दहशत का माहौल है।
दुकान संचालक महेश सिंह ने बताया कि वह रोजाना की तरह रात करीब 11 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। दुकान में अच्छी बिक्री होने के कारण दूध, दही और अन्य खाद्य सामग्री के भुगतान के लिए नकद राशि दुकान में ही रखी गई थी। शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे जब उन्होंने दुकान खोली तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान का सामान बिखरा पड़ा था और ऊपर छत कटी हुई थी। जांच करने पर बैग में रखी नकदी गायब मिली।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती चोरी और अवैध गतिविधियों पर चिंता जताते हुए पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती बढ़ाने तथा जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है।


