उदित वाणी, आदित्यपुर : सरायकेला जिले में अवैध स्क्रैप कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने बुधवार को एक बड़ी कार्रवाई की है. गुप्त सूचना के आधार पर एसडीओ अभिनव प्रकाश ने आदित्यपुर थाना से बिल्कुल सटे दिंदली बाजार और टाटा-कांड्रा सर्विस रोड में संचालित हो रहे अवैध स्क्रैप टालों पर औचक छापेमारी की.
फारुख और राजन के स्क्रैप टालों पर छापेमारी
मिली जानकारी के अनुसार, दिंदली बाजार में फारुख नामक व्यक्ति द्वारा, जबकि टाटा-कांड्रा सर्विस रोड क्षेत्र में राजन नामक व्यक्ति द्वारा लंबे समय से अवैध रूप से स्क्रैप टाल का संचालन किया जा रहा था. प्रशासन को इस अवैध धंधे की लगातार शिकायतें मिल रही थीं.
गोपनीय तरीके से बनी योजना, प्रतिबंधित सामग्री जब्त
शिकायत और सूचना मिलते ही एसडीओ अभिनव प्रकाश ने बेहद गोपनीय तरीके से इस कार्रवाई की पूरी योजना बनाई और छापेमारी अभियान को अंजाम दिया. इस सफल कार्रवाई के दौरान दोनों ही स्थानों से भारी मात्रा में प्रतिबंधिक स्क्रैप सामग्री जब्त की गई है. इसके साथ ही प्रशासन ने संबंधित संचालकों से स्क्रैप से जुड़े आवश्यक कानूनी दस्तावेज भी तलब किए हैं.
दस्तावेजों की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई
प्रशासन अब जब्त किए गए स्क्रैप की बारीकी से जांच कर यह पता लगाने में जुटा है कि यह सामग्री कहां से लाई गई थी और क्या यह कारोबार वैध अनुमति के तहत चल रहा था या नहीं. अधिकारियों के अनुसार, सभी दस्तावेजों की पूरी जांच के बाद आगे की उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
अवैध कारोबारियों में मचा हड़कंप
एसडीओ की इस अचानक हुई कार्रवाई के बाद क्षेत्र के अवैध स्क्रैप कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है. प्रशासन ने इस कार्रवाई के जरिए स्पष्ट संकेत दे दिए हैं कि जिले में अवैध कारोबार के खिलाफ आगे भी इसी तरह लगातार अभियान चलाया जाएगा.


