उदित वाणी, जमशेदपुर : विश्व पर्यावरण दिवस से पूर्व में टाटा स्टील जमशेदपुर ने 26 मई को जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में विभिन्न प्रेरणादायक एवं प्रभावशाली कार्यक्रमों का आयोजन किया. वैश्विक थीम #NowForClimate के अंतर्गत आयोजित इन पहलों के माध्यम से कंपनी ने पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया.
इन पहलों में युवा विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. कार्यक्रम का उद्देश्य नई पीढ़ी में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा उन्हें जलवायु परिवर्तन के खिलाफ सकारात्मक कदम उठाने के लिए प्रेरित करना था. पहला कार्यक्रम “इको आर्ट स्प्लैश” नामक लाइव पेंटिंग प्रतियोगिता थी, जिसका आयोजन सुबह 8 बजे से 9 बजे तक किया गया.
इसमें कक्षा 4 से 12 तक के लगभग 400 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया. प्रतिभागियों ने रंगों और कलात्मक अभिव्यक्तियों के माध्यम से प्रकृति संरक्षण, जैव विविधता की रक्षा तथा जलवायु परिवर्तन जैसी गंभीर चुनौतियों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया.

इको एलीगेंस
इसके बाद सुबह 8:30 बजे से 9:30 बजे तक “इको एलीगेंस” फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें कक्षा 1 से 3 तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया. नन्हें प्रतिभागियों ने प्रकृति के विभिन्न स्वरूपों और पर्यावरण संरक्षण के संदेशवाहकों की आकर्षक वेशभूषा धारण कर अपनी रचनात्मकता का परिचय दिया. बच्चों ने अपने प्रभावशाली और कल्पनाशील प्रस्तुतियों के माध्यम से जलवायु संरक्षण की आवश्यकता को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया.
इन कार्यक्रमों का आयोजन टाटा स्टील द्वारा झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (जेएसपीसीबी) के क्षेत्रीय कार्यालय के सहयोग से किया गया. जेएसपीसीबी के अधिकारियों ने जमीनी स्तर पर पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने की दिशा में टाटा स्टील की इस पहल की सराहना की. जेएसपीसीबी के जूनियर एनवायरनमेंटल इंजीनियर अनिल सक्सेना ने प्रतिभागियों के उत्साह एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनकी संवेदनशील और सार्थक अभिव्यक्तियों की प्रशंसा की.
मस्ती की पाठशाला
विश्व पर्यावरण दिवस समारोह की व्यापक श्रृंखला के अंतर्गत टाटा स्टील द्वारा कई अन्य पहलें भी आयोजित की जा रही हैं. इनमें ‘मस्ती की पाठशाला’ के माध्यम से बच्चों के साथ सहभागिता आधारित गतिविधियां, वृक्षारोपण कार्यक्रम तथा सस्टेनेबिलिटी विशेषज्ञों के साथ तकनीकी सत्र शामिल हैं. ये पहलें पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा हरित, स्वच्छ और सतत भविष्य के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयासों को प्रोत्साहित करने की दिशा में टाटा स्टील की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं.


