उदित वाणी, जमशेदपुर : युवा प्रतिभाओं को निखारने, खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और समुदाय में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने की दिशा में टाटा स्टील ने सोमवार 11 मई को ‘समर कैंप 2026’ का शुभारंभ कर दिया. जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित उद्घाटन समारोह के साथ शुरू हुए इस कैंप का आयोजन टाटा स्टील के स्पोर्ट्स डिवीजन द्वारा किया जा रहा है. यह कैंप 11 मई से 31 मई 2026 तक चलेगा. जमशेदपुर के अलावा टाटा स्टील के अन्य परिचालन स्थानों -कलिंगानगर, मेरामंडली, टिस्को ग्रोथ शॉप में भी इसी तरह के समर कैंप आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे अधिक से अधिक बच्चों, युवाओं और समुदाय तक खेल, फिटनेस और सामुदायिक भागीदारी का लाभ पहुंच सके. उद्घाटन समारोह में टाटा स्टील के वरिष्ठ अधिकारी, कोच, अभिभावक और उत्साही प्रतिभागी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे. इस अवसर पर टाटा स्टील ने खेल को समुदाय विकास और युवा सशक्तिकरण का अभिन्न अंग बनाने की अपनी दीर्घकालिक प्रतिबद्धता को दोहराया.

2,000 से अधिक रजिस्ट्रेशन
इस वर्ष के समर कैंप में अब तक लगभग 2,000 रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं, जो खेल और फिटनेस गतिविधियों के प्रति बढ़ती रुचि को दर्शाता है. कैंप में समावेशिता पर विशेष ध्यान दिया गया है. इसमें 40 विशेष आवश्यकता वाले बच्चे और मस्ती की पाठशाला के करीब 100 बच्चे भी शामिल हैं. कैंप में कुल 19 खेल और गतिविधि विषयों में प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिनमें एथलेटिक्स, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, फुटबॉल, स्विमिंग, योगा, जुम्बा, कराटे, बॉक्सिंग, शतरंज, बास्केटबॉल, हॉर्स राइडिंग, रोलर स्केटिंग आदि शामिल हैं. पिछले वर्ष की सफलता को जारी रखते हुए 4 से 6 वर्ष के बच्चों के लिए रोल बॉल स्केटिंग की व्यवस्था की गई है.
इस साल पहली बार पिकलबॉल
इस वर्ष एक रोमांचक नई शुरुआत पिकलबॉल की है, जो विश्व स्तर पर तेजी से लोकप्रिय हो रहा खेल है. यह सभी आयु वर्ग के प्रतिभागियों के लिए उपलब्ध होगा. वयस्कों के लिए विशेष कार्यक्रमों में सेल्फ डिफेंस ट्रेनिंग, स्ट्रक्चर्ड फिटनेस और वेट मैनेजमेंट सत्र शामिल हैं. अभिभावकों के लिए भी समय-समय पर मनोरंजक और रिक्रिएशनल गतिविधियां आयोजित की जाएंगी.
कार्यशालाएं और जागरूकता
कैंप के दौरान विभिन्न आयु वर्ग के लिए विशेषज्ञ-निर्देशित कार्यशालाएं आयोजित होंगी. 6 से 12 वर्ष के बच्चों के लिए खेल-आधारित सत्रों में वेलनेस, क्रिएटिविटी, टीमवर्क और स्टोरीटेलिंग पर जोर होगा, जबकि 13 से 19 वर्ष के किशोरों के लिए लीडरशिप, रेजिलिएंस, कम्युनिकेशन, माइंडसेट विकास और दबाव में प्रदर्शन जैसे विषयों पर कार्यशालाएं होंगी. सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण सुनिश्चित करने के लिए सभी कोच और प्रशिक्षकों को POSH (Prevention of Sexual Harassment) और नैतिक आचरण प्रशिक्षण दिया गया है. इसके अलावा टाटा स्टील के इन-हाउस न्यूट्रिशनिस्ट द्वारा खेल पोषण और हाइड्रेशन पर जागरूकता सत्र भी आयोजित किए जाएंगे. टाटा स्टील समर कैंप 2026 के माध्यम से खेल उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के साथ-साथ समावेशी मंच प्रदान कर बच्चों और युवाओं के समग्र विकास तथा सामुदायिक भागीदारी को मजबूत कर रहा है.


