उदित वाणी, आदित्यपुर : क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर अवैध रूप से संचालित हो रहे स्क्रैप टालों की वजह से आदित्यपुर थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. इसके कारण स्थानीय लोग खासे परेशान हैं. स्थानीय निवासियों द्वारा इस संबंध में लगातार शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन इसके बावजूद न तो चोरी की घटनाएं कम हो रही हैं और न ही अवैध रूप से चल रहे इन स्क्रैप टालों को बंद किया जा रहा है.
मार्ग संख्या-12 निवासी विशाल के घर हुई चोरी, टाल से बरामद हुआ सामान
चोरी का ताजा मामला आदित्यपुर-01 के मार्ग संख्या-12 का है. यहाँ के निवासी विशाल के घर में अज्ञात चोरों द्वारा चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था. हालांकि, इस मामले में पुलिस प्रशासन के दबाव की वजह से एक बड़ी सफलता मिली है. विशाल के घर से चुराए गए इनवर्टर, बैटरी सहित कुछ अन्य सामान राममड़ैया बस्ती में खोले गए एक अवैध स्क्रैप टाल से बरामद किए गए हैं.
चोरी का सामान खपाने का जरिया बने टाल, बंद करने की मांग
स्थानीय लोगों का साफ कहना है कि जब से राममड़ैया बस्ती में इस अवैध स्क्रैप टाल की शुरुआत हुई है, तब से पूरी कॉलोनी में चोरी की वारदातें काफी बढ़ गई हैं. चोरों द्वारा कॉलोनी के घरों से चुराया गया सामान इन्हीं अवैध रूप से संचालित स्क्रैप टालों में ले जाकर बेचा जा रहा है. इस स्थिति से आक्रोशित स्थानीय लोग अब बस्ती में अवैध रूप से संचालित हो रहे स्क्रैप टाल को तत्काल बंद कराने की मांग कर रहे हैं.

