उदित वाणी, जमशेदपुर : नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने टाटानगर रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है. “ऑपरेशन नार्कोस” के तहत चलाए गए अभियान में आरोपियों के कब्जे से करीब 5 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2.5 लाख रुपये बताई जा रही है.
जानकारी के मुताबिक, 27 मई 2026 को आरपीएफ पोस्ट टाटा और सीआईबी/टाटा की संयुक्त टीम को स्टेशन परिसर में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी. इसके बाद सुरक्षा टीम ने प्लेटफॉर्म, प्रवेश–निकास द्वार और यात्रियों की आवाजाही पर विशेष नजर रखनी शुरू की. निगरानी के दौरान दो युवक संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते मिले. पूछताछ में दोनों संतोषजनक जवाब नहीं दे सके.
संदेह गहराने पर टीम ने उनके सामान की तलाशी ली, जिसमें अलग-अलग पैकेटों में छिपाकर रखा गया करीब 5 किलो गांजा बरामद हुआ. बरामदगी के बाद दोनों आरोपियों को मौके से हिरासत में ले लिया गया.
प्रारंभिक जांच में यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि मादक पदार्थ की खेप कहां से लाई गई थी और इसकी डिलीवरी किस स्थान पर होनी थी. जांच एजेंसियों को इस मामले में बड़े तस्करी नेटवर्क के सक्रिय होने की आशंका है.
आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि रेलवे मार्ग से होने वाली मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए “ऑपरेशन नार्कोस” लगातार चलाया जा रहा है. गिरफ्तार आरोपियों और जब्त गांजा को आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी टाटा को सौंप दिया गया है, जहां एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है.


