
उदित वाणी, जमशेदपुर: टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन में सेवानिवृत्ति के कारण खाली हुए तीन महत्वपूर्ण पदों को भरने के लिए उपचुनाव की प्रक्रिया तेज हो गई है। यूनियन द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, एक उपाध्यक्ष, एक सहायक सचिव और एक कमेटी मेंबर के पद के लिए मतदान कराया जाएगा। चुनाव पदाधिकारी चिदानंद खंडई की देखरेख में पूरी प्रक्रिया संपन्न होगी।
आज से नामांकन प्रक्रिया की शुरुआत
चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, आज यानी 13 अप्रैल (सोमवार) को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। इसके साथ ही, सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक इच्छुक उम्मीदवार नामांकन फॉर्म प्राप्त कर सकेंगे। इस उपचुनाव को लेकर यूनियन के कार्यकर्ताओं और संभावित उम्मीदवारों के बीच हलचल काफी बढ़ गई है।
चुनावी शेड्यूल: महत्वपूर्ण तिथियां
यूनियन ने पारदर्शी चुनाव के लिए विस्तृत समय-सारणी जारी की है:
13 अप्रैल: वोटर लिस्ट का अंतिम प्रकाशन और नामांकन फॉर्म का वितरण
14 अप्रैल: नामांकन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि, पत्रों की जांच और वैध उम्मीदवारों की सूची का प्रकाशन
15 अप्रैल: नाम वापसी की अंतिम तिथि और उम्मीदवारों की फाइनल लिस्ट जारी होना
16 अप्रैल: मतदान पत्र (बैलेट पेपर) के नमूने का प्रदर्शन
17 अप्रैल: टाटा मोटर्स प्लांट के अंदर मतदान, मतगणना और परिणाम की घोषणा
प्लांट के अंदर होगा मतदान
सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए मतदान की व्यवस्था टाटा मोटर्स प्लांट के भीतर ही की गई है। 10 अप्रैल को अधिसूचना जारी होने के बाद से ही चुनावी सरगर्मी तेज है। यह चुनाव सेवानिवृत्त हुए पदाधिकारियों के रिक्त स्थानों को भरने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

