
उदित वाणी, जमशेदपुर: टाटा मोटर्स लिमिटेड (Tata Motors Ltd) ने जमशेदपुर प्लांट के बार्गेनेबल कर्मचारियों के लिए वोलेंटरी रिटायरमेंट स्कीम 2026 (VRS 2026) लागू कर दी है. 10 अप्रैल 2026 को जारी सर्कुलर (PD/VRS/2026/85) के अनुसार यह योजना 10 अप्रैल से प्रभावी होकर 30 अप्रैल 2026 तक लागू रहेगी. यह स्कीम मुख्य रूप से 40 वर्ष से अधिक आयु के स्थायी कर्मचारियों के लिए है.
वित्तीय संतुलन और दक्षता बढ़ाने की पहल
ग्रेड रिवीजन के बाद से ही कंपनी द्वारा VRS लाए जाने की चर्चा थी. कंपनी का उद्देश्य वित्तीय भार को कम करना और कार्यबल को अधिक दक्ष बनाना है. Jharkhand High Court के निर्देश के बाद लगभग 2800 अस्थायी कर्मियों को स्थायी करना पड़ा, जिससे कंपनी पर अतिरिक्त दबाव बढ़ा. वर्तमान में स्थायी कर्मचारियों की संख्या करीब 7500 है, जिसे आने वाले वर्षों में घटाकर लगभग 5000 करने की रणनीति बताई जा रही है.
कर्मचारियों में मिला-जुला असर
यह योजना उन कर्मचारियों के लिए लाभकारी मानी जा रही है, जो स्वास्थ्य कारणों से नियमित ड्यूटी नहीं कर पाते या अन्य व्यवसाय करना चाहते हैं. हालांकि कुछ कर्मचारियों में इसको लेकर चिंता भी देखी जा रही है, खासकर उन मामलों में जहां दबाव की आशंका जताई जा रही है.
कौन कर्मचारी हैं पात्र
30 अप्रैल 2026 तक 40 वर्ष या उससे अधिक आयु के स्थायी बार्गेनेबल कर्मचारी, जो कंपनी के रोल पर कन्फर्म्ड हैं, इस योजना के पात्र होंगे. टेम्पररी, ट्रेनी, अप्रेंटिस या फिक्स्ड टर्म कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारी इसमें शामिल नहीं हैं. पहले किसी वोलेंटरी सेपरेशन स्कीम का लाभ ले चुके कर्मचारी भी पात्र नहीं होंगे.
पे-आउट के दो विकल्प
कर्मचारियों को दो विकल्प दिए गए हैं:
Option1: मासिक पे-आउट
• 40 से 45 वर्ष: अंतिम सैलरी का 80 प्रतिशत
• 45 से 50 वर्ष: अंतिम सैलरी का 90 प्रतिशत
• 50 से 55 वर्ष: अंतिम सैलरी का 100 प्रतिशत
• 55 वर्ष से अधिक: अंतिम सैलरी का 110 प्रतिशत
(यह भुगतान 60 वर्ष की आयु तक जारी रहेगा)
Option2: एकमुश्त भुगतान
• नेट प्रेजेंट वैल्यू (NPV) के आधार पर एकमुश्त राशि
• दो किस्तों में भुगतान का विकल्प भी उपलब्ध
अन्य लाभ और शर्तें
• 295 से अधिक कर्मचारी VRS लेने पर प्रति व्यक्ति अतिरिक्त इंसेंटिव (अधिकतम 1.40 लाख रुपये)
• 10 वर्षों तक मेडिकल सुविधा: प्रति वर्ष 1.50 लाख रुपये तक हॉस्पिटलाइजेशन
• डोमिसाइलरी ट्रीटमेंट के लिए प्रति व्यक्ति 2000 रुपये
• प्रोविडेंट फंड, ग्रेच्युटी और लीव एनकैशमेंट जैसे सामान्य लाभ भी मिलेंगे
• आवेदन करने के बाद योजना से बाहर नहीं हुआ जा सकेगा
कंपनी की इस नई VRS स्कीम को लेकर जमशेदपुर प्लांट के कर्मचारियों के बीच व्यापक चर्चा जारी है और आने वाले दिनों में इसका असर कार्यबल पर स्पष्ट रूप से देखने को मिल सकता है.

