
चांडिल: ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के एकमात्र डिग्री संस्थान सिंहभूम कॉलेज, चांडिल में शनिवार को राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा) के तहत झारखंड सरकार के अनुदान से निर्मित नए दो मंजिला भवन का उद्घाटन धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक सविता महतो उपस्थित रहीं।

उद्घाटन के बाद उन्होंने कहा कि यह भवन आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है, जिससे क्षेत्र के छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा और उच्च शिक्षा को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने महाविद्यालय के समग्र विकास के लिए हर संभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सुनील मुर्मु ने अपने संबोधन में इसे संस्थान के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि नए भवन से छात्रों के शैक्षणिक संसाधनों में विस्तार होगा और उनका भविष्य अधिक सशक्त बनेगा। इस अवसर पर झामुमो के केंद्रीय सदस्य चारूचांद किस्कू, ओमप्रकाश लायेक, जिला सचिव बैधनाथ टुडू, सीनेट सदस्य डॉ. जे.के. सिंह, जिला परिषद सदस्य पिंकी लायेक, छात्र नेता सुदामा हेम्ब्रम, जिला उपाध्यक्ष धर्मु गोप सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

