उदित वाणी, आदित्यपुर: आदित्यपुर स्मॉल इंडस्ट्रीज़ एसोसिएशन (एशिया) ने जियाडा प्रशासन से उद्योगों की व्यावहारिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में पिच (बिटुमिनस) सड़कों के निर्माण के विकल्प पर विचार करने की मांग की है. एसोसिएशन का कहना है कि पीसीसी सड़कों के निर्माण में अधिक समय लगता है और क्योरिंग अवधि के दौरान औद्योगिक इकाइयों के संचालन तथा परिवहन व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है.
पीसीसी सड़क निर्माण को लेकर जताई चिंता
एशिया ने जियाडा द्वारा हाल ही में पीसीसी सड़कों के निर्माण के लिए जारी निविदा प्रक्रिया पर चिंता व्यक्त की है. एसोसिएशन का मानना है कि औद्योगिक क्षेत्र में पीसीसी सड़कों के निर्माण से सड़कों की ऊंचाई बढ़ सकती है, जबकि कई औद्योगिक इकाइयों का स्तर पहले से ही सड़क से नीचे है. ऐसी स्थिति में वर्षा के समय पानी फैक्ट्रियों में प्रवेश करने का खतरा बढ़ सकता है, जिससे मशीनरी, कच्चे माल और तैयार उत्पादों को नुकसान होने की आशंका है.
जियाडा एमडी से मुलाकात कर सौंपा ज्ञापन
एशिया के अध्यक्ष इंदर कुमार अग्रवाल के नेतृत्व में संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को आदित्यपुर स्थित जियाडा भवन में जियाडा के प्रबंध निदेशक वरुण रंजन से मुलाकात की. इस दौरान औद्योगिक क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से उन्हें अवगत कराया गया और एक ज्ञापन भी सौंपा गया.
आधारभूत सुविधाओं की कमी का उठाया मुद्दा
बैठक के दौरान बताया गया कि औद्योगिक क्षेत्र में कई स्थानों पर सड़कों के किनारे झाड़ियां उग आई हैं, नालियां जाम हैं और कचरे का नियमित उठाव नहीं हो रहा है. इसके अलावा कई इलाकों में वर्षों से स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं, जिससे रात के समय अंधेरा रहने के कारण सुरक्षा संबंधी समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं.
भूमि लेवी और किराया वृद्धि पर भी चर्चा
बैठक में जियाडा द्वारा भूमि लेवी और भूमि किराया में लगातार की जा रही वृद्धि का मुद्दा भी उठाया गया. एशिया ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं और रखरखाव को सुनिश्चित किए बिना उद्योगों पर अतिरिक्त वित्तीय भार डालना उचित नहीं है.
ट्रांसपोर्ट पार्क और अतिक्रमण के मुद्दे भी उठे
ज्ञापन में ट्रांसपोर्ट पार्क की व्यवस्था, औद्योगिक क्षेत्र में अतिक्रमण, उपलब्ध भूमि के बेहतर उपयोग और लैंड बैंक से जुड़े विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई.
एशिया के अध्यक्ष इंदर कुमार अग्रवाल ने उम्मीद जताई कि जियाडा प्रशासन इन मुद्दों पर सकारात्मक पहल करते हुए आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण तथा उद्योगों के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक कदम उठाएगा.
इस अवसर पर एशिया के महासचिव प्रवीण गुटगुटिया, उपाध्यक्ष देवांग गांधी और सचिव अशोक गुप्ता भी उपस्थित थे.
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Advertisement
ADITYAPUR INDUSTRIES: लैंड बैंक और किराया वृद्धि पर उद्योगों की चिंता, एशिया ने JIADA MD से की मुलाकात, ट्रांसपोर्ट पार्क और अतिक्रमण के मुद्दे भी उठे
Advertisement
<


