
उदित वाणी, जमशेदपुर: साकची में 25 साल पुरानी दुकान पर कब्जे का आरोप जमशेदपुर के साकची कालीमाटी रोड स्थित एक दुकान कब्जा प्रकरण ने शहर के व्यापारी वर्ग में चिंता बढ़ा दी है। आरोप है कि श्री राधेश्याम अग्रवाल की लगभग 25 वर्षों से संचालित दुकान “श्याम कार केयर” पर मकान मालिक ने रातों-रात जबरन कब्जा कर लिया। पीड़ित पक्ष के अनुसार दुकान में रखे सामान की चोरी भी कर ली गई और बिना किसी वैधानिक प्रक्रिया के उन्हें बेदखल कर दिया गया।
पढ़े घटना की पूरी खबर : साकची में कार एसेसरीज दुकान का ताला तोड़ 35 लाख की चोरी
मारवाड़ी सम्मेलन का प्रतिनिधिमंडल विधायक से मिला
इस गंभीर मामले को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन का एक प्रतिनिधिमंडल जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय से मिला। प्रतिनिधिमंडल में जिला अध्यक्ष मुकेश मित्तल, संयुक्त महासचिव आकाश शाह, उपाध्यक्ष दिलीप गोयल समेत अन्य सदस्य शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
घटना पर जताई गई गहरी चिंता
इस दौरान सरायकेला नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं सरायकेला जिला मारवाड़ी सम्मेलन के जिला अध्यक्ष मनोज चौधरी ने भी विधायक से शिष्टाचार मुलाकात की और साकची की घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने इसे व्यापारी वर्ग के लिए गंभीर विषय बताते हुए त्वरित न्याय की आवश्यकता पर बल दिया।
विधायक ने दिया सहयोग का आश्वासन
विधायक सरयू राय ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए कहा कि वे इस मामले में पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं और न्याय दिलाने के हर संभव प्रयास में सहयोग करेंगे।

