
उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक सुनियोजित तरीके से बड़ी चोरी की घटना को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दे दी है। कालीमाटी रोड, साकची स्थित कार एसेसरीज की दुकान ‘मेसर्स श्याम कार केयर’ को निशाना बनाते हुए बदमाशों ने रात के अंधेरे में ताला तोड़कर लाखों की संपत्ति उड़ा ली।
दुकान के मालिक राधेश्याम अग्रवाल के अनुसार, वे 23 मार्च की रात दुकान बंद कर घर चले गए थे। सब कुछ सामान्य था, लेकिन 24 मार्च की सुबह जब वे दुकान के पास पहुंचे तो हालात बदले हुए थे। दुकान का साइनबोर्ड टूटा पड़ा था और मुख्य दरवाजे का ताला क्षतिग्रस्त था। अंदर जाकर देखने पर वे स्तब्ध रह गए—दुकान से करीब 30 लाख रुपये के कार एसेसरीज और गल्ले में रखे लगभग 5 लाख रुपये नकद गायब थे।
इस मामले में राधेश्याम अग्रवाल ने जसबिर सिंह सिंधु, उनके भतीजे अमन और 5-7 अन्य लोगों को नामजद करते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि दुकान किराये को लेकर पहले से विवाद चल रहा था और आरोपियों ने पहले भी ताला तोड़ने की धमकी दी थी। पीड़ित के अनुसार, घटना के दौरान आरोपी मौके पर मौजूद थे और हंगामा कर रहे थे, जिससे वे भयभीत होकर वहां से हट गए।
घटना के बाद व्यवसायी ने गोलमुरी थाना प्रभारी और वरीय पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत देकर त्वरित कार्रवाई, चोरी गए सामान की बरामदगी और अपनी सुरक्षा की मांग की है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

