उदित वाणी, जमशेदपुर : समाहरणालय सभागार में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में आज ( 19 मार्च 2026) यातायात एवं सड़क सुरक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात नियमों का सख्ती से पालन और हिट एंड रन मामलों में मुआवजा भुगतान जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
सड़क दुर्घटनाओं में कमी, फिर भी लापरवाही बड़ी वजह
समीक्षा के दौरान यह जानकारी सामने आई कि जनवरी और फरवरी माह में पिछले वर्ष की तुलना में सड़क दुर्घटनाओं में कमी आई है। हालांकि, अधिकांश मामलों में बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले चालक ही दुर्घटनाओं के शिकार हो रहे हैं। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि ज्यादातर दुर्घटनाएं चालकों की लापरवाही के कारण हो रही हैं।
गलत दिशा, तेज रफ्तार और ड्रिंक एंड ड्राइव पर सख्ती
बैठक में गलत दिशा में वाहन चलाना, तेज रफ्तार और ड्रिंक एंड ड्राइव को दुर्घटनाओं की प्रमुख वजह बताया गया। इस पर उपायुक्त ने सख्त रुख अपनाते हुए लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर जुर्माना लगाने के साथ-साथ उनका लाइसेंस रद्द करने के निर्देश दिए।
ओवरलोडिंग और बिना फिटनेस वाहनों पर कार्रवाई के निर्देश
यात्री वाहनों, मालवाहक गाड़ियों और स्कूल वैन में ओवरलोडिंग, सड़क किनारे मनमाने ढंग से सवारी चढ़ाने-उतारने के मामलों में वाहन मालिक की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई करने को कहा गया। साथ ही बिना फिटनेस वाले और पुराने वाहनों के सड़क पर संचालन पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए।
ड्राइविंग प्रशिक्षण संस्थानों और ट्रैफिक पुलिस को निर्देश
ड्राइविंग प्रशिक्षण संस्थानों को निर्देश दिया गया कि हेवी लाइसेंस के नवीकरण में पूरी जांच के बाद ही अनुशंसा करें। वहीं, यातायात पुलिस को राजस्व संग्रह बढ़ाने के लिए भी निर्देशित किया गया।
जागरूकता अभियान और पुनर्वास पर जोर
उपायुक्त ने स्कूल और कॉलेजों में छात्रों के बीच यातायात नियमों को लेकर जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। साथ ही सड़कों पर रहने वाले मानसिक रूप से अस्वस्थ एवं निराश्रित लोगों के पुनर्वास के लिए ट्रैफिक पुलिस और संबंधित विभागों को पहल करने के निर्देश दिए।
हिट एंड रन मामलों में जल्द मुआवजा देने के निर्देश
बैठक में हिट एंड रन, जीआईएस बीमा और आपदा राहत योजनाओं के तहत लंबित मुआवजा मामलों को जल्द निपटाने और प्रभावित परिवारों को त्वरित सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पाण्डेय, एसडीएम धालभूम अर्णव मिश्रा, डीटीओ धनंजय, एसडीओ घाटशिला सुनील चंद्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


