
उदित वाणी,जमशेदपुर: गोविंदपुर क्षेत्र की 21 पंचायतों में पिछले चार दिनों से जलापूर्ति ठप होने से लगभग 1.5 लाख की आबादी गंभीर रूप से प्रभावित है। पानी की इस समस्या को लेकर पंचायत प्रतिनिधियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज जिला उपायुक्त से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
पंचायत प्रतिनिधियों की जिला उपायुक्त से मुलाकात
प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को अवगत कराया कि क्षेत्र की जनता बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान है और जल्द समाधान की आवश्यकता है। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी अनुरोध किया कि जलापूर्ति सुचारू करने के लिए तत्काल कदम उठाए जाएँ।
उपायुक्त ने दिया कड़ा निर्देश
जिला उपायुक्त ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पेयजल एवं स्वच्छता विभाग और विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंताओं को तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की बुनियादी जरूरतों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विभागों का आश्वासन: कल से जलापूर्ति शुरू
पेयजल एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि पंप हाउस को बिजली उपलब्ध कराने के लिए युद्ध स्तर पर वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि जलापूर्ति कल से सुचारू रूप से शुरू होने की पूरी संभावना है।
प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से उपस्थित जनप्रतिनिधि
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, जिला परिषद सदस्य डॉ. परितोष सिंह, उपप्रमुख शिव हंसदा, पंचायत समिति सदस्य सतवीर सिंह बग्गा, मनोज यादव, सुशील कुमार, सकरो सोरेन, सोनिया भूमिज, जैस्मिन गुड़िया, रवि कुरली, किशोर सिंह और मुखिया सोनका सरदार मुख्य रूप से उपस्थित थे।

