
उदित वाणी, जमशेदपुर: टाटा स्टील फाउंडेशन द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मांडू में तीन मेडिकल ब्लॉकों की ढ़ाचागत संरचना बेहतर की गई है.
समुदायों के प्रति समग्र कल्याण और बढ़ी हुई स्वास्थ्य सुविधाओं के प्रति टाटा स्टील फाउंडेशन की प्रतिबद्धता के हिस्से के रूप में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बच्चों के लिए एक नया प्रतीक्षालय और एक आकर्षक कुपोषण उपचार केंद्र (एमटीसी) वार्ड का निर्माण किया गया है.
नवीनीकरण योजना, टाटा स्टील फाउंडेशन के बड़े लक्ष्यों का हिस्सा है ताकि राज्य सरकारों के साथ मिलकर काम किया जा सके और बेहतर सुविधाएं प्रदान की जा सकें.
मेडिकल ब्लॉक के उद्घाटन समारोह में रामगढ़ में जिले के शीर्ष अधिकारियों और टाटा स्टील फाउंडेशन और वेस्ट बोकारो डिवीजन के वरिष्ठ नेतृत्व ने भाग लिया.
कुपोषण उपचार केन्द्र
कुपोषण उपचार केंद्र (एमटीसी) वार्ड को विशेष रूप से गंभीर कुपोषण से प्रभावित (एसएएम) बच्चों के लिए बनाया गया है. माधवी मिश्रा, उपायुक्त, रामगढ़ ने अपने विचार साझा करते हुए कहा, “टाटा स्टील फाउंडेशन द्वारा बुनियादी ढांचे का काम उत्कृष्ट रहा है.
मैंने कुछ महीने पहले इस मेडिकल ब्लॉक का दौरा किया था और यह जीर्ण-शीर्ण अवस्था में था. वास्तव में टाटा स्टील फाउंडेशन के सिविल इंजीनियरों के प्रयासों की सराहना करते हैं, जिन्होंने परिसर का नवीनीकरण किया है. इतने कम समय में एक नया वेटिंग हॉल जोड़ा है. यह पुनर्निर्मित परिसर झारखंड राज्य में अन्य सामुदायिक स्वास्थ्य देखभाल केंद्रों के लिए एक मॉडल के रूप में काम करेगा.
वास्तव में हम राज्य में स्वास्थ्य देखभाल से संबंधित पुरस्कारों के लिए सीएचसी मांडू को नामित करने की भी योजना बना रहे हैं.

