
परसुडीह, हरहरगुट्टू की बिजली समस्या को लेकर जीएम से की मुलाकात
उदित वाणी, जमशेदपुर: बिजली की आंख मिचौली से परेशान लोगों की समस्या को लेकर सेवा ही लक्ष्य संस्था के एक प्रतिनिधिमंडल ने माणिक मल्लिक के नेतृत्व में विद्युत महाप्रबंधक से मुलाकात की. प्रतिनिधिमंडल ने परसुडीह, हरहरगुट्टू, बेड़ाढीपा, रानीडीह आदि क्षेत्रों से संबंधित बिजली की समस्या से उन्हें अवगत कराया.
उनका कहना था कि खासकर रात में बिजली कटौती से विद्यार्थी एवं रोजगार करने वाले लोगों को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इसके साथ ही क्षेत्र के कई जर्जर खंभों को बदलने का भी आग्रह महाप्रबंधक से किया गया.
महाप्रबंधक ने तत्काल संबंधित अधिकारियों से बात कर वर्तमान में 2 दिन के संकट के बावजूद रात में बिजली के सुचारू रूप से सप्लाई का प्रयास करने का आश्वासन दिया.
बिरसानगर डीवीसी ऑफिस का घेराव
पिछले कुछ महीनों से बिजली की लचर व्यवस्था के कारण लोग काफी परेशान हैं. बिजली कब आती-जाती है, पता ही नहीं चलता. सुचारू विद्युत आपूर्ति की मांग को लेकर आज समर्पण एक सोच नई दिशा संस्था द्वारा बिरसानगर डीवीसी ऑफिस का घेराव किया गया. संस्था द्वारा विभाग को 7 दिनों का समय दिया गया है.
इस दौरान व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो बस्तीवासियों के साथ मिलकर जीएम का घेराव किया जाएगा. मौके पर संस्था के संरक्षक आनंद बिहारी दुबे मौजूद थे.

बिजली पोल लगाने की मांग
बिजली कटौती बंद करने और बिजली पोल लगाने की मांग
मानगो में बिजली के खंभे लगाने की मांग को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के जिला उपाध्यक्ष एवं पश्चिम विधायक प्रतिनिधि मौलाना अंसार खान के नेतृत्व में बस्ती वासियों का प्रतिनिधिमंडल विद्युत कार्यपालक अभियंता विशाल कुमार एवं मानगो नोटिफाइड के विशेष पदाधिकारी दीपक सहाय से मुलाकात की.
उन्हें बताया कि ओल्ड पुरुलिया रोड यशु भवन से लेकर अलीबाग तक कोई बिजली का पोल नहीं है. रोड पर अंधेरा होने के हमेशा कुछ ना कुछ हादसा होता रहता है. उन्होंने इस रोड पर बिजली के 10 पोल लगाने की आवश्यकता बताई. अंसार खान ने मानगो में बिजली कटौती पर भी आपत्ति जतायी. कहा कि इससे बच्चों की पढ़ाई पर असर पड़ रहा है.
विशाल कुमार ने बताया 3 दिन तक रात में और परेशानी रहेगी. इसके बाद बिजली ठीक हो जाएगी. दीपक सहाय ने 5 दिनों के अंदर अंदर बिजली पोल देने का आश्वासन दिया. इस दौरान अब्दुल रशीद, मोहम्मद नौशाद, पप्पू, अब्दुल रहमान, मोहम्मद सद्दाम, मोहम्मद विबरान आदि मौजूद थे.


