उदित वाणी जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र स्थित विजया हेरिटेज अपार्टमेंट में रहने वाली एक विधवा महिला ने अपने पड़ोसी पर लगातार मानसिक उत्पीड़न और दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए थाना में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता देवलीना चक्रवर्ती के अनुसार, आरोपी अभिषेक सिन्हा पिछले कई महीनों से उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है। महिला का आरोप है कि जब वह अपने बच्चे को स्कूल छोड़ने जाती हैं, तब आरोपी उनका पीछा करता है। इस तरह की घटना कई बार हो चुकी है। महिला ने बताया कि 17 मई को आरोपी ने उनके साथ गाली-गलौज भी की थी।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि कुछ महीने पहले अभिषेक सिन्हा चंदा मांगने के बहाने उनके घर में दाखिल हुआ था। इसी दौरान उसने किसी तरह महिला का मोबाइल नंबर हासिल कर लिया। इसके बाद से वह फोन के माध्यम से भी लगातार परेशान करने लगा, जिससे महिला मानसिक तनाव में रहने लगी।
स्थानीय स्तर पर आरोपी को लेकर यह भी चर्चा है कि वह अपनी पहली पत्नी से अलग रह रहा है। पीड़िता का कहना है कि उनकी अनिच्छा के बावजूद आरोपी लगातार उन्हें परेशान कर रहा था, जिसके बाद मजबूर होकर उन्होंने कानूनी सहारा लिया।
मामला सामने आने के बाद कदमा थाना पुलिस ने जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की सत्यता की पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों और आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


