उदित वाणी जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के कीताडीह (माखन गली) में मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। पुलिस ने 14 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म करने के आरोपी मुन्ना तामसोय को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। गुरुवार को सदर अस्पताल में आरोपी की पूरी मेडिकल जांच कराने के बाद पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
बिजली कटने का उठाया फायदा, कमरे में खींचकर किया गलत काम
मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मुन्ना तामसोय मूल रूप से चाईबासा के मंझारी थाना क्षेत्र का रहने वाला है। वह फिलहाल कीताडीह में किराए के मकान में रह रहा था और गम्हरिया स्थित मलेरिया विभाग में कार्यरत था। मंगलवार की रात क्षेत्र में बिजली कटी हुई थी। भयंकर गर्मी के कारण पीड़िता अपने घर के बाहर टहल रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले मुन्ना तामसोय ने किशोरी को अकेला पाकर दबोच लिया। वह उसे जबरन खींचकर अपने कमरे में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी ने किशोरी को किसी से भी कुछ कहने पर जान से मारने की धमकी देकर छोड़ दिया।
टाटानगर स्टेशन से भागने की फिराक में था आरोपी
रोती-बिलखती पीड़िता जब अपने घर पहुंची, तो उसने परिजनों को आपबीती सुनाई। घटना से आक्रोशित परिजनों ने फौरन आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह चकमा देकर भागने में सफल रहा। परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना परसुडीह पुलिस को दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए नाकेबंदी की और शहर से भागने की फिराक में टाटानगर स्टेशन पर खड़े आरोपी मुन्ना तामसोय को धर दबोचा। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से पीड़िता के परिवार को न्याय की उम्मीद जगी है।


