
उदित वाणी, जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र अंतर्गत भाटिया बस्ती निवासी संजय कुमार (43) ने शनिवार देर रात अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। रविवार सुबह जब परिजन उसे जगाने पहुंचे तो देखा कि वह फंदे से लटका हुआ है। यह दृश्य देखते ही घर में चीख-पुकार मच गई और पूरे परिवार में मातम छा गया। परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना कदमा थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद अंतिम संस्कार किया गया।
संजय कुमार पेशे से पेंटर का काम करता था और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। घटना के समय उसकी पत्नी मायके गई हुई थी। परिजनों के अनुसार, संजय और उसकी पत्नी के बीच अक्सर नोकझोंक होती रहती थी, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था। वर्ष 2011 में दोनों की शादी हुई थी और उनका एक बच्चा भी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि संजय स्वभाव से शांत और मेहनती व्यक्ति था, लेकिन पिछले कुछ समय से वह तनाव में नजर आ रहा था। हालांकि, आत्महत्या के पीछे का स्पष्ट कारण अब तक सामने नहीं आ सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों व पड़ोसियों से पूछताछ की जा रही है।
इस हृदयविदारक घटना से पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है। पड़ोसी और रिश्तेदार परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं। एक हंसता-खेलता परिवार इस हादसे से टूट गया है और मासूम बच्चे के सिर से पिता का साया उठ गया है।

