
उदित वाणी जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र के रोड नंबर-2 स्थित गांधी मैदान के बाहर सोमवार देर रात एक फुटपाथ सब्जी दुकान में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग मधु नामक युवक की दुकान में लगी, जो रोज यहां सब्जी बेचकर अपना गुजर-बसर करता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात अचानक दुकान से धुआं और लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया और सारा सामान जलकर खाक हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया।
अब तक आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। हालांकि, इलाके में फुटपाथ दुकानदारों से रंगदारी वसूली की पूर्व घटनाओं को देखते हुए इस मामले में संदेह भी गहराने लगा है। पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है, ताकि आग के पीछे की असली वजह सामने आ सके।
