
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित वोल्टास हाउस के पास एक छात्र के कथित अपहरण प्रयास की शिकायत ने शुक्रवार को पुलिस महकमे में हलचल मचा दी। परिजनों ने बिष्टुपुर थाना पहुंचकर आरोप लगाया कि उनके बच्चे के साथ मारपीट करते हुए अपहरण की कोशिश की गई है। मामला सामने आते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जांच शुरू कर दी।
घटना गुरुवार की बताई जा रही है। शिकायत के आधार पर पुलिस टीम ने श्री कृष्ण पब्लिक स्कूल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान जो तस्वीर सामने आई, उसने मामले की दिशा ही बदल दी। फुटेज में संबंधित छात्र एक युवक के साथ सामान्य रूप से जाते हुए नजर आया, जिससे अपहरण की आशंका कमजोर पड़ गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में अपहरण या जबरन ले जाने से जुड़ा कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिला है। वहीं, जिस छात्र को लेकर शिकायत की गई थी, वह शुक्रवार को सामान्य रूप से स्कूल भी पहुंचा, जिससे मामला और स्पष्ट हो गया।
जानकारी के मुताबिक, परिजनों ने छात्र के एक सीनियर और उसके दोस्तों पर मारपीट के साथ अपहरण के प्रयास का आरोप लगाया था। हालांकि पुलिस की पड़ताल में यह मामला आपसी विवाद और झड़प का प्रतीत हो रहा है।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है, लेकिन अब तक की जांच में अपहरण की बात निराधार साबित हुई है।

