जमशेदपुर: मानगो नगर निगम चुनाव में आरक्षित सीट वार्ड 07 से निर्वाचित प्रत्याशी अशोक कुमार के EBC जाति प्रमाण पत्र की जांच को लेकर संकोशाई निवासी आकाश कुमार गुप्ता ने राज्य निर्वाचन आयुक्त के नाम सोमवार को उपायुक्त कार्यालय में ज्ञापन सौंपा है।
उन्होने आरोप लगाया है कि अशोक कुमार द्वारा बनाया गया ईबीसी जाति प्रमाण फर्जी है और अशोक कुमार ने फर्जी ईबीसी जाति प्रमाण लेकर आरक्षित सीट से चुनाव लड़ा और जीत गए हैं।
उन्होंने राज्य निर्वाचन आयुक्त से अशोक कुमार के ईबीसी जाति प्रमाण पत्र की जांच करने की मांग की है। मौके पर उनके साथ प्रत्याशी रहे भक्तरंजन महतो व अन्य उपस्थित थे।
इसे पूर्व वार्ड संख्या-11 से चुनाव लड़ चुकी प्रत्याशी अंजू गोराई के पति रवि शंकर गोराई ने शुक्रवार को उपायुक्त से वार्ड-11 से विजयी प्रत्याशी सुशीला शर्मा के जाति प्रमाण पत्र को फर्जी बताते हुए इसकी जांच की मांग की है।
मालूम हो मानगो नगर निगम चुनाव के दौरान प्रत्याशियों द्वारा जमा किए गए जाति प्रमाण पत्रों में गड़बड़ी होने का आरोप लगातार लगाए जा रहे हैं। विशेष रूप से ओबीसी -01 वर्ग के लिए आरक्षित वार्डों में जारी प्रमाण पत्रों को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। यदि इन मामलों की गहन जांच होती है तो 10 से अधिक वार्ड पार्षदों की सदस्यता पर भी खतरा मंडरा सकता है।


