उदित वाणी, जमशेदपुर : रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। भारतीय रेलवे ने खड़गपुर से संतरागाछी के बीच चौथी रेल लाइन बिछाने की परियोजना को मंजूरी दे दी है। लगभग 111 किलोमीटर लंबी इस चौथी लाइन पर करीब 2905 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। परियोजना पूरी होने के बाद टाटानगर जंक्शन से हावड़ा जंक्शन जाने वाली ट्रेनों का परिचालन पहले से अधिक सुचारु और समयबद्ध होने की उम्मीद है।
वर्तमान में लाइन क्षमता की कमी के कारण कई ट्रेनों को संतरागाछी जंक्शन और आसपास के स्टेशनों पर लंबा इंतजार करना पड़ता है। इससे यात्रियों को देरी का सामना करना पड़ता है। चौथी लाइन बनने से ट्रैफिक का दबाव कम होगा और ट्रेनों की आवाजाही तेज हो सकेगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, औद्योगिक क्षेत्र दानकुनी से टाटानगर आने वाली लगेज और मालगाड़ियों के संचालन में भी सुधार होगा, जिससे माल परिवहन समय पर हो सकेगा।
इससे पहले संतरागाछी से झारसुगुड़ा तक लगभग 374 किलोमीटर चौथी लाइन के निर्माण का सर्वे भी कराया जा चुका है। रेलवे खड़गपुर से चक्रधरपुर होते हुए झारसुगुड़ा तक तीन चरणों में चौथी लाइन बिछाने की योजना पर काम कर रहा है, जिससे पूर्वी भारत के प्रमुख रेल मार्गों की क्षमता में बड़ा इजाफा होगा।


