
उदित वाणी,जमशेदपुर : करनडीह थाना क्षेत्र स्थित गैताडीह में रविवार दोपहर एक मामूली सड़क दुर्घटना ने अचानक विवाद का रूप ले लिया। जानकारी के अनुसार, चक्रधरपुर रेल मंडल के सीनियर डीसीएम आदित्य चौधरी की कार ने ओडिशा जा रहे एक परिवार की गाड़ी को पीछे से टक्कर मार दी। हादसा उस समय हुआ जब अधिकारी एक बैठक से लौट रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आगे चल रही कार के सामने अचानक बतखों का झुंड आ गया, जिससे चालक ने उन्हें बचाने के लिए तेज ब्रेक लगाया। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार नियंत्रण खो बैठी और जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के कारण आगे की कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद कार सवार परिवार ने मुआवजे की मांग करते हुए मौके पर हंगामा शुरू कर दिया और 15 हजार रुपये की क्षतिपूर्ति की मांग की। स्थिति बिगड़ते देख रेलवे अधिकारी ने आरपीएफ को सूचना दी, जिसके बाद जवान मौके पर पहुंचे। स्थानीय पुलिस ने भी हस्तक्षेप करते हुए दोनों पक्षों को थाने ले जाकर मामला शांत कराया।
जांच में सामने आया कि संबंधित सरकारी वाहन एक निजी एजेंसी द्वारा संचालित था। अंततः आपसी सहमति से एजेंसी की ओर से 6 हजार रुपये का मुआवजा दिया गया, जिसके बाद विवाद समाप्त हो गया। इस दौरान सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

