
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर में लगातार बढ़ रही पुनः नामांकन (री-एडमिशन) शुल्क और निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ अभिभावकों का आक्रोश तेज होता जा रहा है. इसी मुद्दे को लेकर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के नेतृत्व में 16 अप्रैल को बड़ा धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा.
इस संबंध में पार्टी के कोल्हान प्रमंडल संगठन सचिव उज्ज्वल कुमार महतो ने बताया कि निजी स्कूल हर वर्ष पुनः नामांकन के नाम पर अभिभावकों से भारी शुल्क वसूल रहे हैं, जो पूरी तरह अनुचित और अन्यायपूर्ण है. उन्होंने कहा कि यह आंदोलन अभिभावकों के अधिकारों की रक्षा के लिए किया जा रहा है.
उन्होंने शहर के सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे इस धरना-प्रदर्शन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और इस अन्याय के खिलाफ एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करें. आयोजकों के अनुसार, यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकलता. इसको लेकर अभिभावकों और आम लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है.

