
उदित वाणी, पोटका: झारखंड आंदोलन के प्रमुख सिपाही और क्षेत्र में आजसू (AJSU) के समर्पित योद्धा रहे जेकी महाली उर्फ दुर्गा महाली का निधन हो गया है। वे पोटका प्रखंड की कुलडीहा पंचायत अंतर्गत लिपिघुटू गांव के निवासी थे। उनके निधन से क्षेत्र के राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में शोक की लहर है।
वरिष्ठ नेताओं ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
आज लिपिघुटू गांव में स्व. दुर्गा महाली का दाह संस्कार संपन्न हुआ। इस अवसर पर अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश सदस्य उपेंद्र नाथ सरदार (राजू सरदार), वरिष्ठ नेता होपना महाली और राम महाली ने उनके पैतृक निवास पहुँचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। नेताओं ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और उनके योगदान को याद किया।
झारखंड आंदोलन के ‘प्रमुख योद्धा’
दुर्गा महाली को क्षेत्र में झारखंड अलग राज्य आंदोलन के एक सशक्त सिपाही के रूप में जाना जाता था। सूर्यसिंह बेसरा के संबंधी और प्रसिद्ध आंदोलनकारी फागू सामंत भी इसी गांव (लिपिघुटू) के निवासी थे, जिससे यह गांव झारखंड आंदोलन का एक प्रमुख केंद्र रहा है। स्व. महाली ने आजसू के बैनर तले आंदोलन को धार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

