
आदित्यपुर (का.प्र.): नागरिक समन्वय समिति (नासस) ने गर्मी प्रारंभ होने के साथ हीं आदित्यपुर_2 में उत्पन्न भीषण जल संकट की समस्या का स्थायी समाधान कराने के लिए जयप्रकाश उद्यान के पास चेकडैम (वियर) का निर्माण कराने की मांग की है. इस संबंध में महासचिव ई अजीत कुमार के नेतृत्व में नासस के एक प्रतिनिधि मंडल ने आज आदित्यपुर नगर निगम के महापौर संजय सरदार से मुलाकात की तथा उन्हें अनुरोध ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन की प्रति उप महापौर अंकुर सिंह को भी दी गई है.
ज्ञातव्य हो कि नासस के प्रयास से सुवर्णरेखा परियोजना के मुख्य अभियंता के पत्र संख्या_126, दिनांक 10-02-25 के माध्यम से जयप्रकाश उद्यान के पास चेकडैम निर्माण हेतु 8.88 करोड़ रुपए का प्राक्कलन तैयार कर प्रशासनिक स्वीकृति हेतु जल संसाधन विभाग, रांची को भेजा गया है. उक्त प्राक्कलन की प्रशासनिक स्वीकृति मिलने पर चेकडैम की निविदा एवं निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा. समिति द्वारा इससे संबंधित अभिलेख भी महापौर को सौंप कर शीघ्र नगर निगम स्तर पर पहल करने का अनुरोध किया गया. वहीं, महापौर ने शीघ्र ही संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक कर उक्त मामले में कार्रवाई करने का आश्वासन दिया. इस अवसर पर वरीय उपाध्यक्ष विमल कुमार सिंह, गम्हरिया मण्डल अध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह, सचिव अशोक कुमार सिंह, मनोज सिंह, महिला अध्यक्ष सुमन राय, रतन सिंह, संजय कुमार आदि उपस्थित थे.

