
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन परिसर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बीती रात पार्किंग पाथवे के पास एक 55 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया। घटना की जानकारी यात्रियों ने स्टेशन ड्यूटी पर तैनात रेल कर्मचारियों को दी, जिसके बाद तत्काल जीआरपी को सूचित किया गया।
सूचना मिलते ही रेल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मामले में अस्वाभाविक मौत का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
रेल पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। आसपास के इलाकों और थानों से संपर्क कर उसकी शिनाख्त की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पहचान होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। फिलहाल, घटना के कारणों की जांच जारी है।

