
उदित वाणी, जमशेदपुर: जमशेदपुर व्यवहार न्यायालय में आगामी 25 अप्रैल 2026 को एनआई एक्ट (Check Bounce Cases) पर आधारित स्पेशल लोक अदालत का आयोजन होने जा रहा है। इस विशेष आयोजन की तैयारियों और अधिक से अधिक मामलों के निष्पादन को लेकर आज प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार (DLSA) के अध्यक्ष अरविंद कुमार पांडेय की अध्यक्षता में उनके चैंबर में एक उच्चस्तरीय बैठक संपन्न हुई।
न्यायाधीश ने दिया अधिक मामलों के निपटारे का निर्देश
बैठक के दौरान प्रधान जिला जज अरविंद कुमार पांडेय ने एनआई एक्ट से संबंधित लंबित मामलों की समीक्षा की। उन्होंने उपस्थित बैंक अधिकारियों और अधिवक्ताओं को निर्देश दिया कि वे सुलह के योग्य अधिकतम मामलों को इस स्पेशल लोक अदालत में लाएं ताकि आम जनता को त्वरित न्याय मिल सके और न्यायालय का बोझ कम हो।
डालसा सचिव और बैंक अधिकारी रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य रूप से डालसा सचिव कुमार सौरभ त्रिपाठी, विभिन्न बैंकों के वरिष्ठ अधिकारी और पैनल लॉयर्स (अधिवक्ता) उपस्थित रहे। बैठक में चेक बाउंस से जुड़े विवादों को आपसी सहमति और समझौते के आधार पर खत्म करने की रणनीति तैयार की गई। डालसा सचिव ने बताया कि लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य पक्षकारों के बीच सौहार्दपूर्ण तरीके से कानूनी विवादों को समाप्त करना है।

