
उदित वाणी, जमशेदपुर : वरीय पुलिस अधीक्षक के आदेश पर 7 अप्रैल को शहरी थाना क्षेत्रों में पुलिस ने एक व्यापक अभियान चलाकर अड्डेबाजी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की। इस अभियान के तहत शहर के कुल 82 चिन्हित स्थानों पर एक साथ छापेमारी की गई, जिससे असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 88 व्यक्तियों का सत्यापन किया। इनमें से कई लोगों को कड़ी चेतावनी देकर छोड़ दिया गया, जबकि संदिग्ध गतिविधियों में शामिल पाए गए व्यक्तियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस का कहना है कि इस तरह की गतिविधियां कानून-व्यवस्था के लिए खतरा बन सकती हैं, इसलिए इन्हें रोकना जरूरी है।
अभियान के दौरान ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी पुलिस ने सख्ती दिखाई। जांच के क्रम में 44 वाहनों को जब्त किया गया, जिनमें बिना कागजात चलने वाले और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन शामिल थे। सभी के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
एसएसपी पीयूष पांडे ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। आम लोगों से अपील की गई है कि वे कानून का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। इस कार्रवाई से शहर में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होने की उम्मीद है।

