उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह-मकदमपुर रेलवे लेवल क्रॉसिंग पर वर्षों से लगने वाले भीषण ट्रैफिक जाम से अब स्थानीय लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है। गुरुवार को रेलवे और राज्य सरकार की संयुक्त इंजीनियरिंग टीम ने प्रस्तावित रेल ओवरब्रिज (आरओबी) के निर्माण को लेकर स्थल का विस्तृत सर्वेक्षण किया। इस पहल को इलाके की बड़ी समस्या के समाधान की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
दरअसल, मकदमपुर और आसपास के क्षेत्रों में लगातार बढ़ते ट्रैफिक दबाव और बार-बार रेलवे फाटक बंद होने के कारण लोगों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ता है। रोजमर्रा के कामकाज से लेकर आपातकालीन सेवाओं तक पर इसका असर पड़ता रहा है। इसी गंभीर समस्या को देखते हुए स्थानीय सांसद बिद्युत बरण महतो ने इस मुद्दे को संसद में उठाया था, जिसके बाद अब प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है।
इंजीनियरिंग टीम ने सर्वे के दौरान प्रस्तावित ओवरब्रिज के रूट का भी खाका तैयार किया। योजना के अनुसार, ओवरब्रिज का रैंप गोलपहाड़ी काली मंदिर के सामने से शुरू होगा और परसुडीह मेन रोड स्थित फाइव स्टार काली पूजा कमेटी के पास जाकर समाप्त होगा। इस मार्ग को इस तरह डिजाइन किया जा रहा है कि अधिकतम ट्रैफिक दबाव को सहज तरीके से डायवर्ट किया जा सके।
सर्वेक्षण के दौरान टीम ने सड़क की चौड़ाई, यातायात घनत्व और निर्माण क्षेत्र में आने वाले मकानों, दुकानों व अन्य प्रतिष्ठानों का भी बारीकी से आकलन किया। प्रारंभिक रिपोर्ट में यह सामने आया है कि परियोजना के दायरे में कई निजी संपत्तियां प्रभावित होंगी। ऐसे में जल्द ही भूमि अधिग्रहण और मुआवजा प्रक्रिया शुरू किए जाने की संभावना है।
ओवरब्रिज के निर्माण से परसुडीह, मकदमपुर और आसपास के हजारों लोगों को जाम से मुक्ति मिलेगी, जिससे आवागमन तेज और सुरक्षित हो सकेगा।

