उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र के बहुचर्चित पर्सनल लोन धोखाधड़ी मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। करीब सात वर्षों से फरार चल रहे आरोपी विकाश कुमार झा (48) को पुलिस ने रांची के नामकुम इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई के साथ ही लंबे समय से लंबित इस मामले में एक अहम कड़ी जुड़ गई है।
पुलिस के अनुसार, परसुडीह थाना कांड संख्या 82/19 में नामजद विकाश झा लगातार अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार को उसे नामकुम बाजार चौक से दबोच लिया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को जमशेदपुर लाया गया, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
गौरतलब है कि यह मामला पर्सनल लोन दिलाने के नाम पर बड़े पैमाने पर ठगी से जुड़ा था। सात साल पहले पुलिस ने इस गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच मुख्य सदस्यों को गिरफ्तार किया था, लेकिन विकाश झा तब से फरार चल रहा था।
जांच में सामने आया था कि गिरोह लोगों को कम ब्याज पर पर्सनल लोन का झांसा देता था और उनसे वाहन लोन के दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवा लेता था। इसके बाद पीड़ितों के नाम पर वाहन फाइनेंस कराकर उसे बेच दिया जाता था, जिससे लाखों रुपये की हेराफेरी की जाती थी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस गिरफ्तारी से मामले की पूरी कड़ी अब लगभग स्पष्ट हो गई है। साथ ही, अन्य संभावित पीड़ितों और आर्थिक लेन-देन की भी पुनः जांच की जा रही है।


