उदित वाणी जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित सालगाझुड़ी रेलवे फाटक के समीप रविवार देर शाम एक दर्दनाक रेल हादसे में 45 वर्षीय मजदूर की मौत हो गयी। मृतक की पहचान बावनगोड़ा निवासी प्रधान हेंब्रम के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गयी और स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार प्रधान हेंब्रम रोजाना मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। रविवार शाम वह घर का जरूरी सामान लेने पैदल निकला था। सामान लेकर लौटने के दौरान वह सालगाझुड़ी के पास रेलवे ट्रैक पार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से गुजर रही मालगाड़ी की चपेट में आ गया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही उसकी मौत हो गयी।
घटना की सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।
परिजनों ने बताया कि प्रधान हेंब्रम मूल रूप से चाकुलिया का रहने वाला था और वर्तमान में बावनगोड़ा में किराये के मकान में रह रहा था। उसके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।


