उदित वाणी जमशेदपुर: देहरादून के चर्चित सिल्वर सिटी मॉल हत्याकांड में पुलिस लगातार फरार आरोपियों पर शिकंजा कस रही है। रविवार देर शाम देहरादून पुलिस ने जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र स्थित बजरंग टेकरी निवासी आकाश प्रसाद के घर पर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की। इस दौरान बागबेड़ा पुलिस भी मौजूद रही। पुलिस टीम ने घर से कई सामान जब्त किए और सूची तैयार करने के बाद उन्हें बागबेड़ा थाना के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गैंगस्टर विक्रम शर्मा की हत्या के दौरान आकाश प्रसाद घटनास्थल पर मौजूद था। आरोप है कि उसने शूटरों को मौके से सुरक्षित निकालने में अहम भूमिका निभाई थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को भी हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ के बाद पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
इधर, मामले में फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी आरोपी यशराज सिंह को देहरादून पुलिस ने 13 मई को सहारनपुर रेलवे स्टेशन रोड स्थित सूर्यलोक होटल के पास से गिरफ्तार कर लिया। जांच में पता चला है कि 12 मई को यशराज अपने पिता के वकील से मिलने हरिद्वार गया था। इसके बाद वह अन्य वकीलों से कानूनी सलाह लेने के लिए सहारनपुर पहुंचा, जहां पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पुलिस के मुताबिक, यशराज के निर्देश पर ही रांची से शूटरों को फ्लाइट के जरिए दिल्ली भेजा गया था। दिल्ली में होटल और गाड़ी की व्यवस्था से लेकर अन्य खर्चों का भुगतान भी उसने पेटीएम के माध्यम से किया था। अब पुलिस हत्या की साजिश से जुड़े पूरे नेटवर्क और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।


