उदित वाणी जमशेदपुर: एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत बेताकोचा स्थित एक फैक्ट्री के बाहर खड़े कंटेनर में सोमवार सुबह एक चालक का शव फंदे से झूलता मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में शव को शीतगृह में रखवाने की प्रक्रिया पूरी की गई।
पुलिस जांच में मृतक की पहचान राजस्थान के अलवर जिला स्थित मुंडावर थाना क्षेत्र के बालूबास गांव निवासी 41 वर्षीय हवा सिंह यादव के रूप में हुई है। उसकी पहचान कंटेनर में मिले आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस के आधार पर की गई। बताया जा रहा है कि मृतक कंटेनर संख्या आरजे 02 जीबी 1528 का चालक था।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि हवा सिंह यादव ने रविवार देर रात कंटेनर के ऊपर लगे पाइप में रस्सी बांधकर फांसी लगा ली। घटनास्थल से मोबाइल फोन और हेडफोन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि घटना से पहले वह किसी से मोबाइल पर बातचीत कर रहा था और संभवतः किसी मानसिक तनाव या विवाद के कारण उसने यह कदम उठा लिया।
एमजीएम थाना पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। साथ ही मृतक के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। स्थानीय लोगों से पूछताछ कर मामले से जुड़ी अन्य जानकारियां भी जुटाई जा रही हैं।


