उदित वाणी, जमशेदपुर: जुगसलाई थाना क्षेत्र में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 28 वर्षीय युवती ने पुलिया से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवती अचानक पुलिया पर पहुंची और देखते ही देखते नीचे छलांग लगा दी। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही जुगसलाई थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस जांच में मृतका की पहचान सबीना खातून के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसके पिता का नाम मोहम्मद रज्जाक है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। बेटी की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल था।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। शव का पोस्टमार्टम बुधवार को कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार युवती नशे की आदी बताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।


