
उदित वाणी, जमशेदपुर: मानगो पुल पर एक संवेदनशील घटना उस समय सामने आई, जब निजी परेशानियों और मानसिक दबाव से जूझ रही एक युवती ने आत्मघाती कदम उठाने का प्रयास किया। हालांकि स्थानीय लोगों और मौके पर मौजूद जागरूक नागरिकों की तत्परता से समय रहते स्थिति को संभाल लिया गया और एक बड़ी अनहोनी टल गई।
जानकारी के अनुसार, बर्मामाइंस थाना क्षेत्र की मुस्लिम बस्ती निवासी तमन्ना परवीन रविवार शाम करीब छह बजे मानगो पुल पर पहुंची थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवती काफी परेशान और तनावग्रस्त दिखाई दे रही थी। उसकी गतिविधियों को देखकर पुल से गुजर रहे लोगों और वहां मौजूद पत्रकारों को स्थिति असामान्य लगी। उन्होंने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए युवती को सुरक्षित रोका और उससे बातचीत शुरू की।
स्थानीय लोगों ने धैर्यपूर्वक उसे समझाया, उसका मनोबल बढ़ाया और उसे शांत करने का प्रयास किया। इस दौरान आसपास मौजूद लोगों ने मानगो थाना पुलिस को भी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवती को अपने संरक्षण में लेकर आवश्यक पूछताछ की।
पुलिस ने घटना की जानकारी युवती के परिजनों को दी, जिसके बाद उन्हें मौके पर बुलाया गया। प्रारंभिक काउंसलिंग और बातचीत के बाद तमन्ना परवीन को उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया।
इस घटना ने एक बार फिर साबित किया कि समाज की सजगता और मानवीय संवेदनशीलता कई बार संकट की घड़ी में किसी की जिंदगी बचाने का माध्यम बन सकती है। फिलहाल युवती सुरक्षित है और अपने परिजनों के साथ है।

