उदित वाणी, रांची : राजधानी रांची की ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने और सड़कों को जाम मुक्त बनाने हेतु पुलिस अधीक्षक यातायात (ट्रैफिक एसपी), रांची महोदय द्वारा एक महत्वपूर्ण बैठक की गई. इस बैठक में अल्बर्ट एक्का चौक से लेकर सुजाता चौक तक के सभी छोटे-बड़े दुकानदारों को आमंत्रित किया गया था. बैठक के दौरान मुख्य रूप से सड़क किनारे होने वाली गैर-कानूनी पार्किंग, अवैध रूप से दुकान लगाने और अन्य प्रकार के अतिक्रमण के संबंध में विशेष चर्चा की गई. रांची नगर के यातायात व्यवस्था को बेहतर और सुगम करने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा सभी दुकानदारों से सलाह ली गई और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए.
दुकान के सामने रेहड़ी-ठेला लगवाया तो होगी कार्रवाई
बैठक में ट्रैफिक एसपी द्वारा सभी दुकानदारों को सख्त निर्देश दिया गया कि वे अपनी दुकान के सामने किसी भी प्रकार की रेहड़ी, ठेला या अन्य कोई अस्थाई दुकान न लगवाएं. इसके साथ ही दुकानदारों से कहा गया कि वे अपनी दुकानों में आने वाले ग्राहकों के वाहनों को भी सुनियोजित ढंग से रोड के किनारे कतार में लगवाएं, ताकि मुख्य सड़क पर जाम न लगे और पैदल चलने वाले यात्रियों के लिए फुटपाथ व मार्ग पूरी तरह से खाली रहें.
नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ होगी सख्त कानूनी कार्रवाई
यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन ने अपना रुख साफ कर दिया है. पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा बैठक में यह स्पष्ट कर दिया गया कि इन निर्देशों और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आने वाले दिनों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में पुलिस उपाधीक्षक यातायात (ट्रैफिक डीएसपी), संबंधित क्षेत्र के थाना प्रभारी और ट्रैफिक विभाग के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी भी मुख्य रूप से मौजूद थे.


