
उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र स्थित टाटा मोटर्स कॉलोनी में रविवार को चोरों ने दिनदहाड़े एक बंद क्वार्टर को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे और करीब 5 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात तथा 25 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
घटना क्रॉस रोड नंबर-25 स्थित क्वार्टर संख्या K2/13 की है। जानकारी के अनुसार, क्वार्टर निवासी एवं टाटा मोटर्स कर्मचारी संतोष कुमार सिंह रविवार सुबह करीब 10:30 बजे अपने पिता से मिलने लक्ष्मीनगर गए थे। इसी दौरान चोरों ने सूने घर का फायदा उठाया।
बताया जाता है कि बदमाशों ने घर के पिछले हिस्से का दरवाजा तोड़कर प्रवेश किया और अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे कीमती आभूषण व नकदी चोरी कर ली। देर रात जब घर लौटे जब संतोष कुमार सिंह तो बिखरा हुआ सामान और टूटा हुआ लॉकर देखकर उनके होश उड़ गए।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना पर टेल्को थाना पुलिस भी पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है तथा कॉलोनी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
पीड़ित के बयान के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि चोरी में शामिल अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से टाटा मोटर्स कॉलोनी के निवासियों में दहशत का माहौल है।

