
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर के साकची थाना क्षेत्र स्थित रामलीला मैदान के पास गुरुवार रात बाइक सवार दो बदमाशों ने महिला से सोने की चेन झपट कर फरार हो गए। घटना के दौरान स्कूटी चला रही महिला मोनिका सिंह असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़ी और उन्हें गंभीर चोटें आईं। जानकारी के अनुसार सीतारामडेरा निवासी मोनिका सिंह अपने बेटे के साथ साकची बाजार से खरीदारी कर स्कूटी द्वारा घर लौट रही थीं।
जैसे ही वह रात करीब 10 बजे रामलीला मैदान के पास पहुंचीं, पीछे से आई पल्सर बाइक पर बैठे दो युवकों में से एक ने अचानक उनके गले से सोने की चेन झपट ली। हमले के झटके से मोनिका सिंह की स्कूटी अनियंत्रित हो गई और वह सड़क पर गिर गईं, जिससे उन्हें चोटें आईं। वारदात के बाद दोनों अपराधी घटना स्थल से एमजीएम अस्पताल की ओर भाग निकले। सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को प्राथमिक उपचार दिलाया।
पुलिस ने उकत घटना को लेकर प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। स्थानीय लोग इस तरह की बढ़ती घटनाओं से आक्रोशित हैं। उन्होंने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए हर पहलू से जांच जारी है।
