
उदित वाणी, जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन की समाज कल्याण शाखा द्वारा नशे के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से शुक्रवार को नशा मुक्ति जागरूकता रथ को उपायुक्त कार्यालय परिसर से रवाना किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त राजीव रंजन ने हरी झंडी दिखाकर रथ को रवाना किया।
उन्होंने कहा कि नशा समाज और परिवार के लिए गंभीर समस्या है, जिससे युवाओं का भविष्य प्रभावित होता है। ऐसे में जन-जागरण के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के बारे में लोगों को अवगत कराना बेहद आवश्यक है।
उपायुक्त ने यह भी कहा कि जिला प्रशासन नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए लगातार प्रयासरत है। यह जागरूकता रथ जिले के विभिन्न शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर नशे से होने वाले नुकसान, उससे बचाव और नशामुक्त जीवन के महत्व की जानकारी लोगों तक पहुंचाएगा।
प्रचार-प्रसार सामग्री, ऑडियो संदेशों और विविध जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को नशे से दूर रहने का संदेश दिया जाएगा। इस कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग के पदाधिकारी, जिला प्रशासन के अधिकारी एवं अन्य संबंधित कर्मी शामिल हुए।

