
उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर के दिव्यज्योति नेत्रहीन संस्थान के आधारभूत ढांचे का नवीनीकरण एक महत्वपूर्ण सामाजिक सेवा पहल के तहत संपन्न हुआ। इस कार्य में रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर वेस्ट, रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर स्टील सिटी और कृष्णा मुरारी चैरिटेबल ट्रस्ट ने सक्रिय योगदान दिया।
संस्थान में रह रहे दृष्टिबाधित विद्यार्थियों और अन्य लाभुकों को अब अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिल सकेगा। संस्थान परिसर में नवीनीकरण का उद्घाटन स्थानीय विधायक सरजू राय ने किया। समारोह के दौरान उन्होंने दिव्यांगजनों की बेहतरी के लिए समाज के सभी वर्गों को साथ आने की आवश्यकता पर बल दिया।
रोटरी क्लब के “सेवा स्वयं से ऊपर” के आदर्श को उदाहरण स्वरूप रखते हुए, उन्होंने इस कार्य को प्रशंसनीय बताया और अपने फंड से भी सहयोग देने का आश्वासन दिया। संस्थान प्रबंधन ने रोटरी क्लबों तथा कृष्णा मुरारी चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रबंधन का मानना है कि इस प्रकार की पहलें नेत्रहीन विद्यार्थियों के लिए शिक्षा और जीवन की राह को और सुगम एवं प्रेरक बनाती हैं। कार्यक्रम में सामाजिक सेवा और मानव कल्याण के लिए संगठनों की प्रतिबद्धता को विशेष रूप से उजागर किया गया।

