उदित वाणी जमशेदपुर: जुगसलाई थाना क्षेत्र से एक नाबालिग लड़की के कथित अपहरण का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक शादी की नीयत से 17 वर्षीय किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। घटना को लेकर परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
मामले में आरोपी की पहचान मो. साहिल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह सरायकेला-खरसावां जिले के ईमामबाड़ा कपाली ओपी क्षेत्र का निवासी है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी और किशोरी की बरामदगी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
परिजनों के मुताबिक 3 मई की सुबह परिवार के सदस्य रोजाना की तरह काम पर निकल गए थे। घर पर किशोरी अकेली थी। इसी दौरान सुबह 10 बजे से शाम चार बजे के बीच आरोपी घर पहुंचा और उसे अपने साथ लेकर चला गया। देर शाम जब परिवार के लोग वापस लौटे तो लड़की घर में नहीं मिली। आसपास और रिश्तेदारों के यहां काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर 9 मई को जुगसलाई थाना में मामला दर्ज कराया गया।
परिजनों ने आरोपी का मोबाइल नंबर भी पुलिस को उपलब्ध कराया है। पुलिस तकनीकी जांच और मोबाइल लोकेशन के सहारे आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। थाना पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा।


