उदित वाणी,जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात अपराधियों ने दो अलग-अलग स्थानों पर फायरिंग कर सनसनी फैला दी। महज पांच घंटे के भीतर हुई इन दो घटनाओं में कुल पांच राउंड गोलियां चलाई गईं, जिससे पूरे इलाके में भय का माहौल बन गया है।
जानकारी के अनुसार पहली घटना नामदा बस्ती स्थित गुरुद्वारा के पीछे हुई, जबकि दूसरी घटना देर रात करीब 12:56 बजे राज नामक व्यक्ति के घर के बाहर हुई। दूसरी वारदात में अपराधियों ने तीन राउंड फायरिंग की, जिसमें एक गोली राज की थार वाहन में जा लगी।
पीड़ित राज ने बताया कि घटना से पहले उनके मोबाइल पर एक कॉल आया था। कॉल करने वाले ने खुद को “कुंडी” बताते हुए 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। कॉलर ने धमकी देते हुए कहा कि पैसे नहीं देने पर उनका भी वही हाल किया जाएगा, जो कुछ महीने पहले कन्हैया यादव के साथ हुआ था।
सूत्रों के मुताबिक, इस पूरे मामले के पीछे जेल में बंद अपराधी बिल्ला पाठक का नाम सामने आ रहा है। वहीं अमन शेखर, कुंडी और वीर सिंह पर वारदात को अंजाम देने का संदेह जताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीन अपराधी घटनास्थल पर पहुंचे, ताबड़तोड़ फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। लगातार हो रही फायरिंग की घटनाओं से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।


